http://www.bbcchindi.com

मंगलवार, 20 जून, 2006 को 07:46 GMT तक के समाचार

जापानी सैनिक इराक़ से वापस जाएँगे

जापान के प्रधानमंत्री जुनिचिरो कोइज़ुमी ने घोषणा की है कि इराक़ में तैनात जापानी थल-सैनिकों को वापस बुलाने का फ़ैसला किया गया है.

कुछ समय से ऐसी घोषणा होने का इंतज़ार था. जापान के 600 सैनिक दक्षिणी इराक़ में दिसंबर 2003 से पुनर्निर्माण की कई परियोजनाओं में जुटे हुए हैं.

कोइज़ुमी का कहना था कि जापानी सैनिकों की इराक़ में मौजूदगी की इराक़ी सरकार और जनता ने सराहना की है.

लेकिन ये सैनिक किसी लड़ाई में भाग नहीं ले सकते क्योंकि जापान का संविधान इसकी इजाज़त नहीं देता.

महत्वपूर्ण है कि इससे पहले राष्ट्रपति जॉर्ज बुश ने इस तैनाती के लिए जापान की प्रशंसा की थी.

जापान ने पेशकश की है कि उसके सैनिकों के इराक़ से वापस जाने के बाद भी वह इराक़ को सामान इत्यादि उपलब्ध करवाता रहेगा.

लेकिन जापानी सैनिकों को इराक़ भेजने के फ़ैसले से जापानी जनता नाराज़ थी और अनेक लोगों का कहना था कि ये जापान के संविधान का उल्लंघन है.

दूसरे विश्व युद्ध के बाद से ये पहली बार हुआ था कि जापान ने अपने सैनिक किसी युद्ध क्षेत्र में भेजे थे.