http://www.bbcchindi.com

रविवार, 18 जून, 2006 को 15:59 GMT तक के समाचार

सोमालिया की बिगड़ती स्थिति पर चिंता

अफ़्रीकी देश सोमालिया में लगातार बढ़ रहे संघर्ष को देखते हुए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चिंता व्यक्त की जा रही है. आशंका यह भी व्यक्त की जा रही है कि कहीं ये लड़ाई पड़ोसी देश इथियोपिया न पहुँच जाए.

संयुक्त राष्ट्र शरणार्थी संगठन के उच्चायुक्त एंटोनियो गूटेरिश ने देशों से अपील की है कि वे शांतिपूर्ण समझौते के लिए कोशिश करें अन्यथा यहाँ बहुत बड़ा मानवीय संकट खड़ा हो गया है.

एक संयुक्त राष्ट्र अधिकारी ने बीबीसी को यह भी बताया है कि पाबंदी के बावजूद सोमालिया में बड़े पैमाने पर हथियार आ रहे हैं.

संयुक्त राष्ट्र निगरानी ग्रुप के संयोजक ब्रुनो सिम्स्की ने चेतावनी दी है कि किसी भी समय विद्रोहियों और सरकार समर्थक सेना में लड़ाई छिड़ सकती है.

आवश्यकता

अफ़्रीकी संघ का कहना है कि अंतरराष्ट्रीय सहायता की जल्द आवश्यकता है. सोमालिया पर एक अंतरराष्ट्रीय ग्रुप की ओर से ब्रितानी मंत्री लॉर्ड ट्रीज़मैन ने अंतरिम सरकार और इस्लामिक विद्रोहियों से अपील की है कि वे बातचीत शुरू करें और देश को व्यवस्थित करें.

विद्रोहियों ने सोमालिया की राजधानी मोगादिशू और अन्य इलाक़ों पर अपना नियंत्रण स्थापित कर लिया है. कुछ अपुष्ट रिपोर्टों में यह भी बताया गया है कि इथियोपिया के सैनिक सोमालिया में घुस गए हैं और बायडोआ की ओर बढ़ रहे हैं.

इथियोपिया ने अंतरिम सरकार का समर्थन किया है और उसका कहना है कि वह सोमालिया को इस्लामिक राष्ट्र नहीं बनने देगा.

सोमालिया पिछले 15 साल से अव्यवस्था और हिंसा के दौर से गुजर रहा है. विद्रोही देश के कई हिस्सों पर अपना नियंत्रण बनाए बैठे हैं.