http://www.bbcchindi.com

बुधवार, 14 जून, 2006 को 13:24 GMT तक के समाचार

बग़दाद में अभूतपूर्व सुरक्षा चौकसी

इराक़ की राजधानी बग़दाद में लगातार जारी हिंसा को रोकने के प्रयासों के तहत कुछ नए उपाय किए जा रहे हैं.

इन उपायों के तहत चालीस हज़ार से ज़्यादा अमरीकी और इराक़ी सैनिक बग़दाद में तैनात किए जा रहे हैं और साथ ही सुरक्षा नाकों पर अतिरिक्त वाहन भी तैयार रखे जा रहे हैं.

रात को लगाए जाने वाले कर्फ़्यू की अवधि बढ़ा दी गई है. हालाँकि जब से ये नए उपाय लागू किए गए हैं तब भी हमले जारी रहे और इन हमलों में कम से कम दो लोगों की मौत हो गई.

बग़दाद में बीबीसी संवाददाता का कहना है कि इन उपायों को लागू करने का मक़सद ख़ासतौर से अल क़ायदा नेता अबू मुसाब अल ज़रक़ावी की मौत का बदला लेने के लिए होने वाले हमलों को रोकना है.

ग़ौरतलब है कि अबू मुसाब अल ज़रक़ावी पिछले सप्ताह एक अमरीकी हवाई हमले में मारे गए थे.

राजधानी बग़दाद में ये उपाय ऐसे समय में लागू किए गए हैं जब अमरीकी राष्ट्रपति जॉर्ज बुश ने एक दिन पहले ही अचानक बग़दाद का दौरा किया था. उन्होंने इराक़ सरकार के साथ बातचीत भी की थी.

बाद में बुश ने पत्रकारों से कहा कि उन्होंने इराक़ी नेताओं को भरोसा दिलाया कि अमरीकी सेनाएँ इराक़ से बाहर तभी जाएंगी जब वहाँ उनकी ज़रूरत ख़त्म हो जाएगी.

अमरीकी रक्षा मंत्री डोनाल्ड रम्सफ़ेल्ड ने कहा है कि अमरीकी सैन्य अधिकारी अगले कुछ सप्ताहों में इराक़ी नेताओं के साथ बैठकें करेंगे और इस पर बातचीत करेंगे कि इराक़ में अमरीकी सैनाओं की संख्या में किस तरह से कमी की जा सकती है.