मंगलवार, 13 जून, 2006 को 05:09 GMT तक के समाचार
अंतरराष्ट्रीय रेड क्रॉस क्यूबा स्थित अमरीकी बंदीगृह ग्वांतनामो बे का दौरा करेगा. गौ़रतलब है कि शनिवार को वहाँ तीन क़ैदियों ने आत्महत्या कर ली थी.
रेड क्रॉस ने कहा कि अमरीकी ने उसका अनुरोध स्वीकार कर लिया है और यह दौरा अगले सप्ताह होने की उम्मीद है.
रेड क्रॉस के तीन प्रतिनिधियों के ग्वांतनामो बे जाने की योजना है जिसमें एक डॉक्टर, एक अरबी भाषा का जानकार शामिल होगा.
ये लोग इस बंदी शिविर के माहौल और क़ैदियों के रुख़ के बारे में जानकारी हासिल करेंगे. हालांकि अंतरराष्ट्रीय रेड क्रॉस के प्रतिनिधि छह से आठ सप्ताह बाद वहाँ का दौरा करते हैं.
बयान से हटे
दूसरी ओर अमरीकी विदेश विभाग ने एक अधिकारी के उस बयान से पल्ला झाड़ लिया है जिसमें उन्होंने कहा था कि आत्महत्या ध्यान खींचने का एक तरीका था.
अमरीकी विदेश विभाग के एक प्रवक्ता ने कहा कि वो नहीं मानते कि आत्महत्याएँ जनसंपर्क का हिस्सा हैं.
अमरीकी अधिकारी कॉलीन ग्रेफ़ी ने बीबीसी से कहा था कि ग्वांतानामो बे बंदीगृह में तीन क़ैदियों का 'आत्महत्या करना ध्यान खींचने का एक तरीका है.'
कॉलीन ग्रेफ़ी अमरीका में सार्वजनिक कूटनीति विभाग की उप सहायक सचिव हैं.
उनका कहना था कि ये आत्महत्याएँ 'जिहाद के मकसद को आगे बढ़ाने की एक योजना' का हिस्सा हैं.
'जानकारी नहीं दी'
दूसरी ओर एक अमरीकी वकील ने कहा है कि ग्वांतानामो बे में आत्महत्या करनेवाले तीन क़ैदियों में से एक को जल्द रिहा किया जाना था. लेकिन उसको इस बात की जानकारी नहीं दी गई थी.
विदेशी क़ैदियों का प्रतिनिधित्व करनेवाले मार्क डेनबोज़ार ने बीबीसी को बताया कि रिहा किए जानेवाले 141 क़ैदियों में यह शख्स भी शामिल था.
लेकिन अमरीकी अधिकारी यह तय नहीं कर पाए थे कि उसे कहाँ भेजा जाए.
उनका कहना था कि अमरीकी नीति रही है कि लोगों को तब तक रिहाई के बारे में नहीं बताया जाता जब तक कि उन्हें रिहा किए जाने के स्थान के बारे में पता नहीं चल जाता.