मंगलवार, 13 जून, 2006 को 20:31 GMT तक के समाचार
इसराइल का कहना है कि ग़ज़ा के समुद्री तट पर पिछले शुक्रवार को हुए धमाके में सात लोगों के मारे जाने के मामले में वह ज़िम्मेदार नहीं है.
वहाँ तीन बच्चों समेत सात लोगों के मारे जाने के बाद इसराइलियों और फ़लस्तीनियों के बीच तनाव बढ़ गया था और हमास ने तो अपने 16 महीने के संघर्षविराम को बंद कर, इसराइल पर हमले दोबारा शुरु कर दिए थे.
उधर इसराइल ने इस मामले की जाँच कराने की घोषणा की थी.
जाँच रिपोर्ट ख़ारिज
लेकिन जाँच के बाद जहाँ, इसराइल ने इस मामले में ज़िम्मेदारी से इनकार किया है वहीं इस रिपोर्ट में कोई संकेत नहीं दिया गया है कि इस घटना का क्या कारण था.
फ़लस्तीनियों और मानवाधिकार संगठनों ने जाँच की रिपोर्ट के ख़ारिज कर दिया है.
उधर एक ताज़ा इसराइली कार्रवाई में डॉक्टरों के अनुसार मारे जाने वालों की संख्या बढ़कर ग्यारह हो गई है. बीस अन्य लोग घायल हुए हैं.
इसराइल ने इस संदर्भ में माना है कि उसने चरमपंथियों को निशाना बनाते हुए ये हवाई हमला किया था.
इस्लामिक जेहाद गुट ने माना है कि हमले में उसके कुछ सदस्य मारे गए.
फ़लस्तीनी प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक दो मिसाइलें दागी गई थीं.
बीबीसी संवाददाता का कहना है कि ग़ज़ा में वाहनों पर इसराइली हमले आम बात हो गई है लेकिन इस तरह के हमलों में इस बार सबसे ज़्यादा लोग मारे गए हैं.