http://www.bbcchindi.com

ग़ज़ा पर हवाई हमला, दो की मौत

इसराइली सेना ने ग़ज़ा पट्टी में हवाई हमले किए हैं जिसमें दो फ़लस्तीनी चरमपंथियों के मारे जाने की ख़बर है.

ग़ज़ा पर हवाई हमले के बारे में इसराइल का दावा है कि उसने उन चरमपंथियों को निशाना बनाया जो उत्तरी ग़ज़ा से इसराइल पर रॉकेट हमले करने जा रहे थे.

हमास ने इसराइल पर रॉकेट दागे

हमास की सशस्त्र शाखा का कहना है कि उसने 16 महीने के संघर्षविराम को तोड़ दक्षिणी इसराइल के क्षेत्र में कुछ रॉकेट दागे थे.

हमास का कहना है उसने ऐसा शुक्रवार को एक इसराइली हमले में सात फ़लस्तीनी नागरिकों की मौत के बाद किया है.

उधर ग़ज़ा के जबालिया नगर में कई धमाके भी हुए हैं. इस्लामिक जेहाद के एक सदस्य की जबालिया में मौत हो गई है.

एएफ़पी के मुताबिक चिकित्सिय सूत्रों ने बताया है कि इस व्यक्ति की मौत इसराइली हवाई हमले में हुई.

लेकिन लेकिन एपी के मुताबिक अग्निशमन दल के लोगों का कहना है कि ये व्यक्ति एक धमाके में मारा गया है जो उसके घर पर हुआ.

इससे पहले ग़ज़ा के समुद्री तट पर तीन बच्चों समेत सात फ़लस्तीनियों की इसराइली हमले में मृत्यु पर इसराइली प्रधानमंत्री एहूद ओल्मर्ट ने अफ़सोस जताया था.

उस मामले में इसराइली सरकार ने सेना से जाँच करने को भी कहा है.

एहुद ओल्मर्ट रविवार को ब्रिटेन पहुँच रहे हैं.

जनमत संग्रह कराया ही जाएगा: अब्बास

ताज़ा इसराइली हमला उस समय हुआ है जब फ़लस्तीनी नेता महमूद अब्बास और हमास की सरकार के बीच प्रस्तावित फ़लस्तीनी राष्ट्र के मुद्दे पर गतिरोध जारी है.

अब्बास ने कहा है कि हमास के विरोध के बावजूद वे इस मुद्दे पर 26 जुलाई को जनमत संग्रह कराएँगे.