http://www.bbcchindi.com

शनिवार, 10 जून, 2006 को 17:02 GMT तक के समाचार

ज़रक़ावी का शव पाने के लिए कोशिश

जॉर्डन की संसद के कुछ इस्लामी सांसदों ने कहा है कि वे इराक़ में अल क़ायदा के नेता अबू मुसाब अल ज़रक़ावी के शव को दफ़नाने के लिए जॉर्डन लाए जाने के लिए कोशिश करेंगे.

ग़ौरतलब है कि ज़रक़ावी की इराक़ में राजधानी बग़दाद के उत्तर में बक़ूबा शहर के पास बुधवार रात को एक अमरीकी हमले में मौत हो गई थी.

इस बीच शनिवार को ज़रक़ावी के शव का पोस्टमॉर्टम किया गया जिसके लिए दो अमरीकी डॉक्टर विशेष रूप से बुलाए गए.

जॉर्डन के इस्लामिक एक्शन फ्रंट के सांसदों ने ज़रक़ावी के परिजनों से शनिवार को मुलाक़ात करके शोक व्यक्त किया और साथ ही वादा किया के वे ज़रक़ावी का शव जॉर्डन में दफ़नाने के लिए लाने की कोशिश करेंगे.

ज़रक़ावी के कुछ परिजन उन्हें शहीद क़रार दे रहे हैं.

जॉर्डन के अधिकारी पहले ही कह चुके हैं कि वे ज़रक़ावी के शव को देश में लाने की इजाज़त नहीं देंगे क्योंकि "इससे जॉर्डन की भूमि अपवित्र हो जाएगी."

पिछले साल जार्डन की राजधानी अम्मान के होटलों में तीन बम हमले हुए थे जिसमें 60 से अधिक लोग मारे गए थे.

बहुत से लोगों के दिलों में उस हादसे की दर्दनाक यादें ताज़ा हैं. कुछ लोगों का कहना है कि वे बम धमाके ज़रक़ावी ने ही कराए थे.