शनिवार, 10 जून, 2006 को 14:48 GMT तक के समाचार
फ़लस्तीनी संगठन हमास की सशस्त्र शाखा ने कहा है कि उसने दक्षिणी इसराइल के क्षेत्र में कुछ रॉकेट दागे हैं और ऐसा एक इसराइली हमले में सात फ़लस्तीनियों की मौत के बाद किया गया है.
गज़ा पट्टी के समुद्री तट पर इसराइली नौकाओं से की गई गोलीबारी में तीन बच्चों समेत सात फ़लस्तीनियों के मारे जाने के बाद, हमास की सशस्त्र शाखा ने 16 महीने पहले घोषित संघर्षविराम के दौरान पहली बार ऐसा हमला किया है.
फ़लस्तीनियों के मारे जाने के बाद फ़लस्तीनी नेता महमूद अब्बास ने तीन दिन के शोक की घोषणा की थी.
उधर संयुक्त राष्ट्र के महासचिव कोफ़ी अन्नान ने पूरे मामले की जाँच कराए जाने की बात कही है.
कोफ़ी अन्नान के प्रवक्ता का कहना था कि वे इस घटना से बहुत दुखी इसलिए भी है क्योंकि फ़लस्तीनी परिवारों के सदस्य समुद्र तट पर आराम कर रहे थे जब उन पर हमला हुआ.
इसराइल ने गोलीबारी रोकी
उधर इसराइल ने गज़ा पट्टी में हर तरह की गोलीबारी रोक दी है और समुद्र तट पर हुई गोलीबारी की घटना की जाँच के आदेश दिए हैं.
येरुशलम में बीबीसी संवाददाता साइमन विल्सन का कहना है कि हमास ने पहले भी इसराइल के हमलों के विरोध में बदले की कार्रवाई करने की धमकी दी है लेकिन इस बार हमास की धमकी काफ़ी गंभीर नज़र आती है.
हमास की सशस्त्र शाखा के प्रवक्ता ने एक समाचार एजेंसी को बताया, "ये रॉकेट फ़ायरिंग तो केवल शुरुआत है और ये जारी रहेगी. अगली बार लंबी दूरी तक मार करने वाले रॉकेट इस्तेमाल किए जाएँगे."
इसराइल से फ़िलहाल किसी तरह के नुक़सान होने की कोई जानकारी नहीं मिली है.