शनिवार, 10 जून, 2006 को 05:16 GMT तक के समाचार
विकसित देशों के संगठन जी-8 की बैठक में विश्व की आर्थिक प्रगति के लिए पैदा हुए ख़तरों पर चर्चा हो रही है. ये चर्चा ऊर्जा की कीमत के साथ-साथ मुद्रा और शेयर बाज़ार के उतार-चढ़ाव पर केंद्रित है.
विकसित देशों के वित्त मंत्रियों की ये बैठक रूस के शहर सेंट पीटर्सबर्ग में हो रही है.
बैठक में इस विषय पर चिंता जताई गई है कि बढ़ती महँगाई के कारण केंद्रीय बैंक अपने सूद की दर बढ़ा सकते हैं.
वित्त मंत्रियों की इस बैठक में विश्व की अर्थव्यवस्था की हालत पर बातचीत हो रही है.
बीबीसी संवाददाता का कहना है कि इस संदर्भ में इन देशों का ऊर्जा की कीमत और व्यापार में असन्तुलन पर ध्यान केंद्रित करना भविष्य में पैदा होने वाले ख़तरों का सूचक है.
इसी विषय में जहाँ रूस ऊर्जा निर्यात के विषय में दुनिया के सबसे बड़े निर्यातक सऊदी अरब के प्रतिद्वंद्वी के रूप में सामने आ रहा है वहीं उसकी विश्वसनीयता पर चिंता है.