गुरुवार, 08 जून, 2006 को 12:25 GMT तक के समाचार
अमरीकी राष्ट्रपति जॉर्ज बुश ने इराक़ में जॉर्डन मूल के चरमपंथी अबू मुसाब अल ज़रक़ावी के मारे जाने को आतंकवाद के ख़िलाफ़ लड़ाई में मिली एक जीत बताया है.
बुश ने कहा, "आतंक कि विचारधारा ने अपने सबसे सक्रिय और आक्रामक दिखने वाले नेता को खो दिया है. ज़रक़ावी की मौत अल-क़ायदा के लिए एक बड़ा झटका है. यह आतंकवाद के ख़िलाफ़ लड़ाई में जीत है."
व्हाइट हाउस में अपने संबोधन में बुश ने कहा कि ज़रक़ावी की मौत इराक़ की सरकार के लिए संघर्ष की दिशा मोड़न का बड़ा अवसर है.
हालाँकि अमरीकी राष्ट्रपति ने माना कि इराक़ में हिंसा में कमी के आसार नहीं हैं.
ब्रितानी प्रधानमंत्री टोनी ब्लेयर ने भी कहा है कि ज़रक़ावी की मौत से इराक़ में हिंसा का दौर थमने की उम्मीद नहीं करनी चाहिए.
ब्लेयर ने ज़रक़ावी की मौत की ख़बर को एक अच्छी ख़बर बताते हुए इसे इराक़ के लिए महत्वपूर्ण दौर बताया.
ब्रितानी प्रधानमंत्री ने कहा इराक़ में अल क़ायदा को मिला झटका इस चरमपंथी संगठन के लिए विश्व स्तर पर एक बड़ा झटका साबित होगा.
ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री जॉन हॉवर्ड ने कहा कि ज़रक़ावी के मारे जाने से इराक़ में अमरीकी गठजोड़ बलों का हौसला बढ़ेगा.
अफ़ग़ानिस्तान के राष्ट्रपति हामिद करज़ई ने ज़रक़ावी के मारे जाने को अंतरराष्ट्रीय आतंकवाद के ख़िलाफ़ एक महत्वपूर्ण क़दम बताया.