http://www.bbcchindi.com

शुक्रवार, 02 जून, 2006 को 07:04 GMT तक के समाचार

'इस्हाक़ी नरसंहार की भी जाँच होगी'

अमरीकी सेना का कहना है कि वो इराक़ के इस्हाक़ी शहर की उस घटना की जाँच कर रही है, जिसमें सेना की गोली से कथित रुप से 11 नागरिकों की मौत हो गई थी.

सेना का कहना है कि उत्तरी बग़दाद के इशाक़ी शहर में अलक़ायदा के बारे में मिली एक सूचना के बाद उन्होंने एक मकान पर हमला किया था.

सेना का कहना है कि मकान ध्वस्त हो गया था और मलबे में चार लोगों के शव मिले थे.

लेकिन इराक़ी पुलिस का कहना है कि सेना घर में ज़बरदस्ती घुस गई और परिवार के 11 लोगों को गोली मार दी.

वीडियो देखने के लिए क्लिक करें

इस बीच बीबीसी को एक नया वीडियो मिला है जिससे ऐसा लगता है कि अमरीकी सेनाएँ ही 11 निर्दोष इराक़ी नागरिकों की हत्या की ज़िम्मेदार हैं.

इस वीडियो से अमरीकी सेना के दावे को चुनौती मिल सकती है.

बग़दाद अमरीकी सेना के प्रवक्ता मेजर जनरल विलियम काल्डवेल का कहना है कि इराक़ में अमरीकी सैनिकों के कथित दुर्व्यवहार की कई घटनाओं की जाँच हो रही है.

इसमें इशाक़ के अलावा हदीसा का भी मामला है.

उल्लेखनीय है कि अमरीकी सेना इराक़ के एक अन्य शहर हदीसा में एक कथित नरसंहार के आरोपों से अलग जूझ रही है.

ऐसे आरोप हैं कि नवंबर,2005 में अमरीकी सैनिकों ने 24 इराक़ी नागरिकों की हत्या कर दी थी.

हदीसा नरसंहार का मामला तूल पकड़ने के बाद अमरीकी सरकार ने इस मामले की जाँच रिपोर्ट सार्वजनिक करने का वादा किया है.

इराक़ के प्रधानमंत्री नूरी अल मलिकी ने भी घोषणा की थी कि उनकी सरकार अपनी ओर से भी इन आरोपों की जाँच करवाएगी और दोषियों को सज़ा मिलेगी.