गुरुवार, 01 जून, 2006 को 05:52 GMT तक के समाचार
बातचीत के अमरीकी प्रस्ताव का स्वागत करते हुए यूरोपीय देशों ने कहा है कि ईरान को इसका सकारात्मक जवाब देना चाहिए.
ब्रिटेन, फ़्रांस और जर्मनी ने कहा है कि ईरान को अमरीकी नीति में परिवर्तन के महत्व को समझना चाहिए.
उल्लेखनीय है कि अमरीका ने कहा है कि यदि ईरान अपने परमाणु संवर्धन को बंद कर दे तो वह उसके साथ सीधे बातचीत के लिए तैयार है.
लेकिन ईरान की सरकारी एजेंसी का कहना है कि अमरीका का ये प्रस्ताव केवल प्रचार का एक शगूफा मात्र है क्योंकि ईरान ने बार-बार यही कहा है कि वह यूरेनियम संवर्द्धन कार्यक्रम आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है.
अमरीका की ये घोषणा ऐसे समय में आई है जब विएना में अमरीका, रुस, चीन और ये तीनों यूरोपीय देश एक बैठक करने जा रहे हैं.
इस बैठक में इस बात पर चर्चा होनी है कि परमाणु संवर्धन कार्यक्रम रोकने के लिए ईरान को क्या प्रस्ताव दिए जा सकते हैं.
उल्लेखनीय है कि अमरीका और कुछ यूरोपीय देशों का कहना है कि ईरान यूरेनियम संवर्धन करके परमाणु हथियार बनाने की कोशिश कर रहा है.
जबकि ईरान इसका खंडन करता है और उसका कहना है कि उसका पूरा परमाणु कार्यक्रम शांतिपूर्ण कार्यों के लिए हैं.
यह मामला संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद तक जा चुका है और अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी (आईएईए) ने भी साफ़ कर दिया है कि ईरान ने परमाणु संवर्धन रोकने की समय सीमा का पालन नहीं किया है.