http://www.bbcchindi.com

रविवार, 28 मई, 2006 को 04:33 GMT तक के समाचार

ईरान में कार्टून के विरोध में प्रदर्शन

ईरान के उत्तर पश्चिम में कई स्थानों पर अज़ेरी मूल के हज़ारों लोगों ने अख़बार में छपे एक कार्टून के विरोध में जमकर प्रदर्शन किए हैं. प्रदर्शनों के दौरान हिंसा के भी समाचार हैं.

यह कार्टून पिछले हफ्ते एक सरकारी समाचारपत्र में प्रकाशित हुए थे जिसमें अज़ेरी मूल के लोगों की तुलना कथित तौर पर तिलचचट्टे के साथ की गई है.

कार्टून में दिखाया गया कि कुछ लोग एक तिलचट्टे से फ़ारसी भाषा में बात करने की की कोशिश कर रहे हैं.

हर बार तिलचट्टा अज़ेरी भाषा में कहता है – क्या मतलब? क्या मतलब?

अज़ेरी समुदाय ईरान में जातीय अल्पसंख्यकों की आबादी में सबसे बड़ा वर्ग है.

कार्टून से अज़ेरी समुदाय नाराज़ हो है और उनमें से कई लोगों ने कहना शुरू कर दिया है कि कार्टून ये दिखाता है कि सारे-के-सारे अज़ेरी बेवकूफ़ हैं.

बात बढ़ती गई और फिर हज़ारों लोग प्रदर्शन करने निकल पड़े.

विरोध इस क़दर बढ़ा कि अख़बार को बंद करना पड़ा और संपादक को गिरफ़्तार कर लिया गया.

लेकिन बात यहीं तक नहीं रूकी और अज़ेरी समुदाय का ग़ुस्सा शांत नहीं हुआ.

शनिवार को विशाल प्रदर्शन हुआ जिसमें सरकारी भवनों को निशाना बनाया गया और कई बैंकों और टेलीविज़न स्टेशनों को जला दिया गया.

बताया जा रहा है कि पाँच लोग मारे गए हैं जबकि कई लोग घायल हैं.

सैकड़ों लोगों को गिरफ़्तार कर लिया गया है.

जिस कार्टून को लेकर विरोध हो रहा है उसे एक ऐसी महिला ने बनाया जो ख़ुद भी अज़ेरी है.

इस महिला को गिरफ़्तार नहीं किया गया है.