http://www.bbcchindi.com

बुधवार, 24 मई, 2006 को 14:59 GMT तक के समाचार

इस्तांबुल हवाईअड्डे पर भीषण आग लगी

तुर्की के इस्तांबुल शहर के अतातुर्क हवाईअड्डे पर भीषण आग लग गई है. हालांकि अभी तक किसी के हताहत होने की कोई ख़बर नहीं मिली है.

अतातुर्क हवाईअड्डा देश के व्यस्ततम हवाई अड्डों में से एक है.

आग हवाई अड्डे के कार्गो हिस्से में लगी है और वह भी तेल के डिपो में. आग इतनी भीषण थी कि पूरे शहर पर काले धुँए के बादल छा गए हैं.

हालांकि इस हिस्से में लोगों की तादाद कम रहती है. शुरुआती जानकारी के मुताबिक कार्गो हिस्से में काम कर रहे लोग सुरक्षित हैं.

ग़ौरतलब है कि यात्रियों के आवागमन का हिस्सा कार्गो हिस्से से क़रीब एक किलोमीटर की दूरी पर है. इस वजह से भी आग लगने के कारण कोई बड़ी घटना नहीं घटी.

अभी तक आग लगने के कारणों को भी पता नहीं किया जा सका है. एजेंसियों को मिल रही जानकारियों के अनुसार आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट भी हो सकता है.

घटना स्थल से कुछ दूरी पर ही सेना के विमानों को खड़ा करने के लिए एक शेल्टर बना हुआ है.

आग इसलिए भी बढ़ी क्योंकि कार्गो हिस्से की छत किसी ऐसे पदार्थ की हैं जो कि ज्वलनशील है.