मंगलवार, 23 मई, 2006 को 05:13 GMT तक के समाचार
अमरीका में इसराइली प्रधानमंत्री एहूद ओलमर्ट ने अमरीकी विदेश मंत्री कोंडोलीज़ा राइस से मुलाक़ात की है. अब उनकी राष्ट्रपति बुश से मुलाक़ात होनी है.
एहुद ओलमर्ट के प्रधानमंत्री बनने के बाद दोनों नेताओं की यह पहली मुलाक़ात होगी.
माना जा रहा है कि इसराइल की पश्चिमी तट से वापसी और ग़ज़ा की सुरक्षा योजना बातचीत का प्रमुख विषय होगी. ईरान के परमाणु कार्यक्रम पर भी दोनों नेताओं के बीच चर्चा हो सकती है.
दोनों देश हमास के नेतृत्ववाली फ़लस्तीनी सरकार के लिए साझा रणनीति पर भी चर्चा कर सकते हैं.
बीबीसी संवाददाता का कहना है कि यह मुलाक़ात ऐसे समय हो रही है जब फ़लस्तीनी इलाक़े में अफ़रा-तफ़री का माहौल है.
मौजूदा फ़लस्तीनी सरकार ने हिंसा त्यागने और इसराइल को मान्यता देने से इनकार कर दिया है.
मुद्दा
बीबीसी संवाददाता का कहना है कि इसराइली प्रधानमंत्री बिना फ़लस्तीनी सहमति के इसराइल की सीमा को अंतिम रूप देने के संबंध में बुश प्रशासन से समर्थन मांग सकते हैं.
इस मुद्दे पर उन्हें अमरीकी समर्थन मिलने की कम संभावना है. हालांकि दोनों देश इस बात पर सहमत हैं कि हमास से कोई बातचीत न की जाए.
अमरीका ने ऐसे संकेत दिए हैं कि वह फ़लस्तीनी राष्ट्रपति महमूद अब्बास से बातचीत किए जाने के पक्ष में है.
लेकिन एक अमरीकी टीवी चैनल से बातचीत में इसराइली प्रधानमंत्री ने फ़लस्तीनी प्रशासन के प्रमुख महमूद अब्बास की निर्णय क्षमता पर संदेह व्यक्त किया.
उनका कहना था कि महमूद अब्बास फ़तह से हैं और फ़लस्तीनी सरकार चरमपंथी संगठन हमास की है.
बीबीसी संवाददाता का कहना है कि इसराइल इस बात को लेकर आश्वस्त नहीं हैं कि महमूद अब्बास के पास कितने अधिकार है.
इसराइल ने इस साल चुनाव के बाद बनी हमास के नेतृत्ववाली सरकार से बातचीत से इनकार कर दिया था.
लेकिन इसराइल इतना ज़रूर चाहता है कि प्रधानमंत्री एहुद ओलमर्ट की एकतरफ़ा घोषणा से पहले वह फ़लस्तीनी नेताओं से बातचीत करता नज़र आए.