http://www.bbcchindi.com

शनिवार, 20 मई, 2006 को 19:26 GMT तक के समाचार

इसराइली हमले में चार की मौत

ग़ज़ा में इसराइल के एक हवाई हमले में एक फ़लस्तीनी चरमपंथी समेत चार लोगों की मौत हो गई है और कई अन्य घायल हो गए हैं.

अधिकारियों के अनुसार मोहम्मद अल दाहदोह नामक यह चरमपंथी इस्लामिक जिहाद का हथियार इजीनियर था जबकि बाकी तीन लोग एक ही परिवार के सदस्य थे.

ग़ज़ा से बीबीसी संवाददाता का कहना है कि इसराइली सेना ने पहले भी कई बार चरमपंथी ठिकानों पर ऐसे हवाई हमले किए हैं.

इसराइल अपने इलाक़ों पर रॉकेट हमले रोकने के लिए ग़ज़ा पट्टी के आसपास चरमपंथी ठिकानों पर हवाई हमले करता रहा है. दूसरी तरफ चरमपंथियों का कहना है कि ग़ज़ा और पश्चिमी तट में इसराइली कार्रवाई के विरोध में वो रॉकेट हमले करते रहेंगे.

इस ताज़ा हमले में दाहदोह के अलावा एक ही परिवार के तीन लोग मारे गए हैं. मिसाइल हमले में दाहदोह की कार के परखच्चे उड़ गए और पास से गुज़र रहे लोग इसकी चपेट में आ गए.

इसराइली सेना का कहना है कि उन्होंने चरमपंथी को निशाना बनाया था क्योंकि दाहदोह इसराइली शहरों पर रॉकेट हमलों के लिए ज़िम्मेदार था.

अधिकारियों ने बताया है कि ग़ज़ा में एक दिन पहले ही एक अन्य धमाके में फ़लस्तीनी ख़ुफिया सेवा के प्रमुख घायल हो गए है. यह धमाका खुफ़िया विभाग के मुख्यालय के पास हुआ था.