बुधवार, 17 मई, 2006 को 09:12 GMT तक के समाचार
विश्व स्वास्थ्य संगठन ने पुष्टि की है कि इंडोनेशिया में बर्ड फ्लू से पाँच और लोगों की मौत हो गई है.
इन्हें मिलाकर इंडोनेशिया में बर्ड फ्लू से मरने वालों की संख्या 30 हो गई है.
जिन और पाँच लोगों के मारे जाने की पुष्टि की गई है उनमें से चार इंडोनेशिया के सुमात्रा प्रांत में रहते थे और वे सभी एक ही परिवार से हैं.
विश्व स्वास्थ्य संगठन ने जाँच-पड़ताल के लिए एक दल उस इलाक़े में भेजा है.
इंडोनेशिया के स्वास्थ्य मंत्रालय के एक अधिकारी ने समाचार एजेंसी रॉयटर्स को बताया कि इन ताज़ा मामलों में भी ऐसा कोई सबूत नहीं मिला है जिससे बर्ड फ्लू के ख़तरनाक वायरस एच5एन1 के मानव से मानव में संक्रमण की पुष्टि होती हो.
ध्यान रहे कि एच5एन1 वायरस से दुनिया भर में साल 2003 से लगभग 100 लोगों की मौत हो चुकी है.
इस वायरस ने मुर्गीपालन को भारी नुक़सान पहुँचाया है.
ज़्यादातर मौतें एशिया महाद्वीप में हुई हैं लेकिन यूरोप और अफ्रीका में भी पक्षियों के साथ-साथ इंसानों में भी बर्डफ्लू होने के मामले सामने आए हैं.
इनमें इंसानों को जो संक्रमण हुआ है उनमें लगभग सभी मामले ऐसे थे जिन्हें बर्डफ्लू से बीमार पक्षियों के सीधे संपर्क में आने की वजह से यह संक्रमण हुआ.
विशेषज्ञों ने आशंका व्यक्त की है कि यह वायरस ऐसे रूप में भी वजूद में आ सकता है जो इंसानों से इंसानों में आसानी से संक्रमित हो सकता है और अगर ऐसा होता है तो उससे महामारी फैल सकती है.