http://www.bbcchindi.com

सोमवार, 15 मई, 2006 को 02:23 GMT तक के समाचार

महमूद अब्बास और पुतिन की मुलाक़ात

फ़लस्तीनी नेता महमूद अब्बास रुस के राष्ट्रपति व्लादीमिर पुतिन के साथ वार्ता के लिए रुस पहुंच गए हैं.

काले सागर के सोची रिसार्ट में होने वाली बातचीत में रुस द्वारा फ़लस्तीनी प्रशासन को दी जाने वाली आर्थिक मदद प्रमुख मुद्दा हो सकती है.

हमास की जीत के बाद पश्चिमी देशों और अमरीका ने फ़लस्तीनी प्रशासन को मदद बंद कर दी है जिसके कारण उन्हें आर्थिक दिक्कतें हो रही हैं.

रुस का कहना है कि हमास की जीत के कारण फ़लस्तीनियों को मुश्किल में डालना कहीं से उचित नहीं है.

रुस ने इस पूरे मामले में अमरीका और यूरोपीय संघ से बिल्कुल अलग रुख़ किया है और यहां तक कि रुस ने आतंकवादी संगठन के तौर पर हमास की आलोचना तक नहीं की है.

रुस ने दो महीने पहले हमास के नेताओं को बातचीत के लिए मास्को भी बुलाया था.

पिछले हफ्ते रुस ने तंगी से जूझ रहे फ़लस्तीनी प्रशासन के लिए एक करोड़ डॉलर की राशि दी थी. फ़लस्तीनी इलाक़ों में डेढ़ लाख से भी अधिक कर्मचारियों को पिछले दो महीने से वेतन नहीं मिला था.

यूरोपीय संघ और अमरीका द्वारा फ़लस्तीनी प्रशासन को दी जा रही वित्तीय मदद पर रोक लगाए जाने के बाद पिछले मंगलवार को संयुक्त राष्ट्र में अस्थायी तौर पर अंतरराष्ट्रीय मदद दिए जाने की एक नीति पर सहमति बनी है.

रुस में फ़लस्तीनी प्रशासन के राजदूत बकर अब्दल मुनेम ने कहा है कि सोमवार को पुतिन और अब्बास के बीच होने वाली वार्ता " दो दोस्तों की मुलाक़ात" होगी.

रुसी संवाद समिति तास ने हमास के प्रवक्ता अली बरकत के हवाले से रुसी राष्ट्रपति को धन्यवाद दिया है. बरकत ने उम्मीद जताई है कि सोची में हो रही बैठक अच्छी रहेगी.