http://www.bbcchindi.com

मंगलवार, 09 मई, 2006 को 08:17 GMT तक के समाचार

ईरान पर बैठक में सहमति नहीं बनी

ईरान मामले पर दुनिया के कुछ प्रमुख देशों के विदेश मंत्रियों की बैठक बिना किसी सहमति के ख़त्म हो गई है.

न्यूयॉर्क में हुई इस बैठक में ये मुद्दा था कि अगर ईरान यूरेनियम संवर्द्धन का कार्यक्रम जारी रखता है तो उस पर क्या कार्रवाई होनी चाहिए.

इस बैठक में सुरक्षा परिषद के स्थायी सदस्य देशों के विदेश मंत्रियों के साथ-साथ जर्मनी के विदेश मंत्री ने भी हिस्सा लिया.

ब्रिटेन की नई विदेश मंत्री मारग्रेट बेकेट ने बैठक को महत्वपूर्ण लेकिन कठिन बताया. लेकिन अमरीकी अधिकारियों का कहना है कि सुरक्षा परिषद के नए प्रस्ताव पर सहमति की संभावना क्षीण हो रही है.

पिछले सप्ताह अमरीका और अन्य देशों ने एक प्रस्ताव पेश करके ईरान से ये अपील की थी कि वह अपने यूरेनियम संवर्द्धन कार्यक्रम को बंद करे.

इस बीच ईरान के राष्ट्रपति महमूद अहमदीनेजाद के राष्ट्रपति जॉर्ज बुश के नाम पत्र को अमरीका ने यह कह कर ख़ारिज कर दिया है कि इसमें कुछ भी नया नहीं है.

'मदद नहीं'

अमरीका की विदेश मंत्री कोंडोलीज़ा राइस ने कहा कि इस पत्र से ईरान के परमाणु मामले पर चल रहे विवाद को हल करने की दिशा में कोई मदद नहीं मिलेगी.

न्यूयॉर्क से बीबीसी संवाददाता जेम्स रॉबिंस का कहना है कि संयुक्त राष्ट्र में ईरान मामले से कैसे निपटा जाए, इस मामले पर मतभेद खुल कर सामने आ गए हैं.

विदेश मंत्री इस बात पर तो सहमत थे कि ईरान को परमाणु बम विकसित करने की अनुमति नहीं मिलनी चाहिए. लेकिन रूस और चीन ईरान के ख़िलाफ़ संभावित प्रतिबंध पर प्रस्ताव लाने के ख़िलाफ़ हैं.

इन दोनों का कहना है कि अगर इस तरह का कोई प्रस्ताव आया, तो इससे आख़िरकार सैनिक कार्रवाई का ही रास्ता खुलेगा.

ब्रिटेन की नई विदेश मंत्री मारग्रेट बेकेट ने भी स्वीकार किया कि बैठक काफ़ी महत्वपूर्ण तो थी, लेकिन उतनी ही कठिन भी थी.

हालाँकि उन्होंने यह स्पष्ट किया कि कोई भी सैनिक कार्रवाई को लेकर चर्चा नहीं कर रहा. एक अमरीकी अधिकारी का कहना है कि इस मामले पर विचार-विमर्श जारी रहेगा.