http://www.bbcchindi.com

सोमवार, 08 मई, 2006 को 08:44 GMT तक के समाचार

बुश के नाम अहमदीनेजाद की चिट्ठी

ईरान के राष्ट्रपति महमूद अहमदीनेजाद ने अमरीका के राष्ट्रपति जॉर्ज बुश को पत्र लिखकर 'दुनिया की मौजूदा स्थिति' के हल के लिए प्रस्ताव भेजा है.

ईरानी सरकार के प्रवक्ता ग़ुलाम हुसैन एल्हम ने एक संवाददाता सम्मेलन में इसकी जानकारी दी. उन्होंने बताया कि राष्ट्रपति अहमदीनेजाद का यह पत्र स्विट्ज़रलैंड के दूतावास को सौंपा जाएगा.

ईरान और अमरीका के बीच कूटनीतिक संबंध नहीं हैं और स्विस दूतावास अमरीका मामलों की देखरेख करता है.

ग़ुलाम हुसैन ने बताया कि राष्ट्रपति अहमदीनेजाद ने अपने पत्र में दुनिया की मौजूदा स्थिति का आकलन किया है और इसके कारणों की भी चर्चा की है. साथ ही उन्होंने इसके हल भी सुझाए हैं.

परमाणु मामला

1979 में हुई ईरानी क्रांति के बाद पहली बार किसी ईरानी राष्ट्रपति ने अमरीकी राष्ट्रपति को पत्र भेजा है. 1979 में ईरानी चरमपंथियों ने अमरीकी दूतावास पर हमला करके लोगों को बंधक बना लिया था.
उसके बाद से ही दोनों देशों के संबंधों में दरार आ गई थी.

ईरानी सरकार के प्रवक्ता ने ये नहीं बताया कि पत्र में राष्ट्रपति अहमदीनेजाद ने परमाणु मामले का ज़िक्र किया है या नहीं. लेकिन उन्होंने इतना ज़रूर कहा कि राष्ट्रपति बुश को पत्र मिल जाने के बाद इसके बारे में विस्तार से बताया जाएगा.

इस समय ईरान का परमाणु कार्यक्रम दोनों देशों के बीच टकराव का कारण बना हुआ है.

अमरीका के नेतृत्व में पश्चिमी देश ये कोशिश कर रहे हैं कि ईरान के परमाणु मामले पर संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में प्रस्ताव पारित कराया जाए. ताकि ईरान अगर यूरेनियम संवर्द्धन जारी रखता है, तो उसके ख़िलाफ़ कड़े क़दम उठाए जाए.

हालाँकि ईरान लगातार ये कहता रहा है कि उसका परमाणु कार्यक्रम शांतिपूर्ण कार्यों के लिए है. लेकिन अमरीका का कहना है कि ईरान परमाणु हथियार विकसित करने की कोशिश कर रहा है.