रविवार, 07 मई, 2006 को 23:48 GMT तक के समाचार
अमरीका के राष्ट्रपति जॉर्ज बुश का कहना है कि राष्ट्रपति बनने के बाद उनके जीवन का सबसे सुखद क्षण तीन किलो की मछली पकड़ना था.
एक जर्मन अख़बार को दिए साक्षात्कार में बुश ने कहा कि 2001 में राष्ट्रपति बनने के बाद उनके जीवन का सबसे बेहतरीन पल उस समय आया जब उन्होंने अपनी झील में क़रीब साढ़े तीन किलो की मछली पकड़ी.
राष्ट्रपति के लिए सबसे दुखद क्षण 11 सितंबर 2001 के आतंकवादी हमले थे जिसमें क़रीब तीन हज़ार लोगों की जानें गईं
जर्मन अख़बार बिल्ड एम सोनटॉग से बातचीत में बुश ने यह भी कहा कि उनके जैसे "बूढ़े लोग" अब धीरे धीरे फुटबॉल के विश्व कप की महत्ता समझने लगे हैं.
बुश ने कहा कि राष्ट्रपति के तौर पर पिछले पांच साल में उनके जीवन में " कई महान क्षण" आए और उनके लिए इनमें से किसी एक को को सबसे बेहतरीन के लिए चुन पाना मुश्किल है.
हालांकि उन्होंने कहा कि साढे तीन किलो की मछली पकड़ना अत्यंत सुखद झण ज़रुर था.
11 सितंबर के हमलों के बारे में उन्होंने कहा " ऐसी स्थिति में जल्दी कुछ भी समझ में नहीं आता है. पूरी स्थिति साफ होने के बाद ही कुछ समझ में आता है. "
बुश ने कहा " जब पूरी घटना की तस्वीर मेरे सामने आई तो मेरे लिए यह बहुत कठिन क्षण था."
जर्मनी में हो रहे फ़ुटबॉल विश्व कप के बारे में पूछे जाने पर बुश ने माना कि वो जिस तरह के माहौल में पले और बड़े हुए वहां फुटबॉल की कोई ख़ास अहमियत नहीं थी.
उन्होंने कहा " फुटबॉल के मामले में अमरीका में एक पूरी पीढ़ी ने कुछ नया सीखा है और इसके बारे में जाना है."
बुश का कहना था कि अमरीका के कुछ लोगों के लिए फुटबॉल विश्व कप दुनिया का सबसे महत्वपूर्ण खेल आयोजन है जबकि मेरे जैसे बूढे लोग अब समझ रहे हैं कि फुटबॉल का विश्व कप पूरी दुनिया के लिए कितना महत्वपूर्ण है.
एक सवाल के जवाब में बुश ने अत्यंत गंभीरता से जवाब दिया कि इराक़ युद्ध के मामले में जर्मनी का विरोध उन्हें समझ में आता है.
उन्होंने कहा " आज की तारीख में जर्मनी के लोगों को युद्ध कतई पसंद नहीं है. मैं ये समझ सकता हूं. जर्मनी के लोगों का जीवन युद्ध से तबाह हुआ है. उनकी समस्या मैं समझ सकता हूं. "