http://www.bbcchindi.com

इसराइली हवाई हमले में पांच मरे

फ़लस्तीनी अधिकारियों का कहना है कि ग़ज़ा पट्टी में इसराइल के हवाई हमले में पांच लोगों की मौत हो गई है.

इसराइली सेना की प्रवक्ता का कहना है कि ये हवाई हमले ग़ज़ा में एक आतंकवादी प्रशिक्षण शिविर को निशाना बनाकर किए गए थे.

ऐसा माना जा रहा है कि इस इलाक़े से इसराइल में लगातार रॉकेट हमले किए जाते थे और इसी कारण इसराइली सेना ने इसे निशाना बनाया है.

इससे पहले दिन में इसराइली सैनिकों ने नाबलुस में प्रदर्शन के दौरान पत्थर फेंक रहे एक फ़लस्तीनी को गोली मार दी.

संवाद समिति एएफपी के अनुसार इसराइली सेना की प्रवक्ता ने कहा " हमने पापुलर रजिस्टेंस (प्रतिरोध) कमिटी के एक प्रशिक्षण शिविर को निशाना बनाया जिसमें हथियारबंद लोग प्रशिक्षण लेते थे. "

ग़ज़ा में बीबीसी संवाददाता एलन जॉनस्टन का कहना है कि यह चरमपंथी संगठन अपेक्षाकृत नया है और हमले के दौरान ये लोग उस इलाक़े में कुछ अभ्यास कर रहे थे.

माना जा रहा है कि यह हमला इस गुट के प्रमुख कमांडर मुमताज़ दोर्गमुश के घर के बिल्कुल पास हुआ है.

अस्पताल के अधिकारियों का कहना है कि हमले में दोर्गमुश के कुछ संबंधी मारे गए हैं.

पिछले कुछ महीनों में इसराइल ने ऐसे इलाक़ों पर हमले तेज़ कर दिए हैं जिसके बारे में उनका कहना है कि इन इलाक़ों से इसराइल को निशाना बनाया जा रहा है.