http://www.bbcchindi.com

बुधवार, 03 मई, 2006 को 18:20 GMT तक के समाचार

टोंगा में भूकंप का तगड़ा झटका

प्रशांत क्षेत्र के एक द्वीप देश टोंगा में प्रबल भूकंप आया है जिससे सूनामी आने का भी ख़तरा पैदा हो गया था.

ख़बरों में कहा गया है कि भूकंप की तीव्रता रिक्टर पैमाने पर आठ मापी गई.

अमरीका के भूगर्भ वैज्ञानिकों ने कहा है कि भूकंप का केंद्र नियाफ़ू द्वीप से लगभग 155 किलोमीटर दक्षिण में था.

यह इलाक़ा टोंगा की राजधानी लुकुआलोफ़ा से पूर्वोत्तर में पड़ता है.

भूकंप स्थानीय समय के अनुसार प्रातः चार बजकर 26 मिनट पर आया जो ग्रीनिच मान समय के अनुसार दोपहर बाद तीन बजकर 26 मिनट पर था.

जान-माल के नुक़सान की कोई ख़बर नहीं मिली है लेकिन टोंगा और पास के देशों - फिजी, न्यूज़ीलैंड, समोआ और हवाई में सूनामी की चेतावनी जारी कर दी गई थी जिसे बाद में वापस ले लिया गया.

रिक्टर पैमाने पर आठ की तीव्रता वाले भूकंप से भीषण सूनामी लहरें पैदा होने की बहुत संभावना होती है. हालाँकि यह भूकंप की प्रकृति और कुछ अन्य स्थितियों पर निर्भर करता है.

क्षेत्र से मिली ख़बरों में कहा गया है कि भूकंप से इमारतें हिल गईं और कुछ नुक़सान होने की आशंका है.