http://www.bbcchindi.com

मंगलवार, 02 मई, 2006 को 11:03 GMT तक के समाचार

ईरान ने कहा प्रतिबंधों का ख़तरा नहीं

ईरान ने भरोसा व्यक्त किया है कि उसके परमाणु विवाद को लेकर प्रतिबंध लगाने के किसी भी प्रयास का रूस और चीन विरोध करेंगे.

ईरान परमाणु मामले पर संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के सदस्य देशों और जर्मनी की पेरिस में हो रही बैठक से पहले ईरानी विदेश मंत्री मनुचहर मोत्तकी ने कहा कि वीटो अधिकार वाले दो देशों ने ईरान पर हमले या प्रतिबंध लगाए जाने का विरोध करेंगे.

तेहरान से प्रकाशित अख़बार कायहान से बातचीत में मोत्तकी ने कहा, "(रूस और चीन ने) औपचारिक तौर पर और कूटनीतिक वार्ताओं में हमें कहा है कि वे ईरान पर प्रतिबंधों और हमले के ख़िलाफ़ हैं."

उन्होंने कहा, "कुछ लोगों का यह मानना बहुत ग़लत है कि सुरक्षा परिषद के माध्यम से पश्चिमी देश कुछ भी कर सकते हैं."

उल्लेखनीय है कि रूस और चीन दोनों ने ईरान को संयुक्त राष्ट्र की चिंताओं पर ग़ौर करने को कहा है लेकिन साथ स्थिति को और जटिल बनाने वाले किसी क़दम का विरोध करने की भी बात की है.

संयुक्त राष्ट्र की एक रिपोर्ट में ईरान पर यूरेनियम संवर्द्धन का काम नहीं रोकने का आरोप लगाया गया है.

कड़ा प्रस्ताव लाने का प्रयास

अमरीका, ब्रिटेन, फ़्रांस और जर्मनी चाहते है कि संयुक्त राष्ट्र ईरान को प्रतिबंधों की चेतावनी दे. अमरीका ईरान के ख़िलाफ़ सुरक्षा परिषद में एक कड़ा प्रस्ताव लाने का प्रयास कर रहा है.

ईरान ने ऐसे किसी भी प्रस्ताव की अनदेखी करने की बात की है.

ईरान का आरोप है कि उसका परमाणु कार्यक्रम शांतिपूर्ण होने के बावज़ूद अमरीका उस पर हमले की सोच रहा है.

पेरिस में हो रही बैठक छहों देशों के विदेश मंत्रियों की नौ मई को न्यूयॉर्क में होने वाली बैठक से पहले हो रही है.