शुक्रवार, 28 अप्रैल, 2006 को 00:12 GMT तक के समाचार
कदीमा के साथ लेबर पार्टी के समझौते के बाद इसराइल में गठबंधन सरकार की संभावनाएँ बढ़ गई हैं.
एक महीने पहले हुए चुनाव में किसी भी पार्टी को बहुमत न मिल पाने के बाद से सरकार के गठन को लेकर गतिरोध बना हुआ था.
परिणाम आने के बाद से ही सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी कदीमा पार्टी के नेता गठबंधन के लिए दूसरी राजनीतिक पार्टियों से चर्चा कर रहे थे.
आख़िर कदीमा पार्टी की ओर से प्रधानमंत्री पद के लिए मनोनीत नेता एहुद ओल्मर्ट ने संसद में दूसरी सबसे पार्टी लेबर पार्टी के साथ एक समझौते पर हस्ताक्षर किए हैं.
इसके बाद ओल्मर्ट ने कहा है कि उन्हे उम्मीद है कि वे अगले हफ़्ते तक अपने मंत्रिमंडल का गठन कर लेंगे.
उन्होंने पहले ही संकेत दे दिए हैं कि लेबर पार्टी के नेता आमिर पेरेज़ उनके मंत्रिमंडल में रक्षा मंत्री का पद संभालेंगे.
लेकिन यरूशलम में बीबीसी संवाददाता का कहना है कि कदीमा और लेबर पार्टी के बीच दो मुद्दों को लेकर गठबंधन मुश्किल में पड़ सकता है.
एक तो अर्थव्यवस्था और दूसरा फ़लस्तीनी प्रशासन के साथ संबंध. इन दोनों ही विषयों पर दोनों पार्टियों की राय अलग-अलग हैं.