रविवार, 23 अप्रैल, 2006 को 13:27 GMT तक के समाचार
अरबी टीवी चैनल अल जज़ीरा पर प्रसारित एक टेप के अनुसार अल क़ायदा नेता ओसामा बिन लादेन मानते हैं कि फ़लस्तीनी संगठन हमास को अलग-थलग करने के प्रयास साबित करते हैं कि पश्चिमी देश इस्लाम धर्म के ख़िलाफ़ जंग कर रहे हैं.
दावा किया जा रहा है कि प्रसारित टेप में ओसामा की आवाज़ है और ये ऐसा टेप पिछले तीन महीने में पहली बार आया है.
इस टेप में इराक़ की स्थिति, हमास के नेतृत्व वाले फ़लस्तीनी प्राधिकरण को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अलग-थलग करना पश्चिमी देशों के इस्लाम धर्म के ख़िलाफ़ चलाए जाने वाले जंग के सबूत हैं.
उन्होंने अपने समर्थकों से आहवान किया कि वे सूडान के दारफ़ुर क्षेत्र में लंबी जंग के लिए तैयार हो जाएँ क्योंकि वहाँ संयुक्त राष्ट्र अपना शांति दल तैनात करने की तैयारी कर रहा है.
उन्होंने अपने समर्थकों से अनुरोध किया कि वे पश्चिमी देशों में बनी चीज़ों का बहिष्कार करें क्योंकि उन्होंने डेनमार्क में पैगंबर मोहम्मद के कार्टून छापे जाने की घटना के बाद उसको समर्थन दिया था.
इससे पहले जनवरी में अल क़ायदा का एक टेप किया गया था जिसमें अमरीकियों से 'संघर्षविराम' की बात की गई थी और इसके लिए कुछ शर्तें रखी गई थीं.