रविवार, 23 अप्रैल, 2006 को 10:21 GMT तक के समाचार
ईरान ने कहा है कि वह यूरेनियम संवर्द्धन कार्यक्रम और परमाणु शोध की गतिविधियाँ पर पीछे नहीं हटेगा. ईरान ने इस बारे में संवर्द्धन कार्यक्रम को फ़िलहाल बंद करने के अनुरोध ठुकरा दिए हैं.
ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता हामिद रेज़ा असेफ़ी ने यूरेनियम संवर्द्धन के फ़िलहाल बंद किए जाने कि रिपोर्टों को दुष्प्रचार बताते हुए ख़ारिज किया.
महत्वपूर्ण है कि ईरान की ओर से ये बयान तब आया है जब संयुक्त राष्ट्र की अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी ने संवर्द्धन रोकने की माँग पर ईरान की ओर से उठाए जा रहे कदमों पर रिपोर्ट देनी है.
संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद ने ईरान से इस महीने के अंत तक यूरेनियम के संवर्द्धन का काम बंद करने के लिए कहा है.
बीबीसी संवाददाता का कहना है कि इससे पहले कुछ हलकों में माँग उठ रही है कि इस मुद्दे पर इतने टकराव का रवैया न अपनाया जाए.
ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता का कहना है कि ईरान अब भी रूस के साथ इस विषय में चर्चा कर रहा है कि रूस में यूरेनियम के संवर्द्धन का काम कराया जाए.
ईरान ने इस महीने घोषणा की थी की उसने पहली बार यूरेनियम के संवर्द्धन का काम किया है.
अनेक पश्चिमी देशों का मानना है कि ईरान परमाणु हथियार बनाने की ओर बढ़ रहा है लेकिन ईरान इसका लगातार खंडन करता आया है.