http://www.bbcchindi.com

शुक्रवार, 21 अप्रैल, 2006 को 03:41 GMT तक के समाचार

अवैध आप्रवासियों के ख़िलाफ़ कार्रवाई

अमरीका में आंतरिक सुरक्षा मामलों के मंत्री माइकल चेरटॉफ़ ने उन लोगों के ख़िलाफ़ कड़े क़दम उठाने की घोषणा की है जो ग़ैर क़ानूनी आप्रवासी लोगों को अपने यहाँ नौकरी देते हैं.

उन्होंने कहा कि जो लोग अमरीका में ग़ैर क़ानूनी रूप से घुस आते हैं, उन्हें ये नहीं सोचना चाहिए कि वे यहाँ आकर सुरक्षित हो गए हैं.

चेरटॉफ़ ने कहा कि सरकार उन लोगों पर आपराधिक मुक़दमा चलाएगी जो बिना उचित दस्तावेज़ों के लोगों को नौकरी दे देते हैं.

बुधवार को ही अमरीका के नौ प्रांतों में हुई छापामारी के दौरान एक हज़ार से ज़्यादा संदिग्ध ग़ैर क़ानूनी आप्रवासियों को गिरफ़्तार किया गया था.

आंतरिक सुरक्षा मामलों के मंत्री चेरटॉफ़ ने कहा कि यह कार्रवाई सरकार की उस रणनीति का हिस्सा है जिसके तहत वह इस समस्या से निपटना चाहती है.

उन्होंने कहा, "अगर हम इस व्यापक कार्यक्रम को लागू कर पाएँ तो न सिर्फ़ हम इसके क़ानूनी पक्ष पर स्थिति स्पष्ट कर पाएँगे बल्कि उन लोगों को एक कड़ा संदेश भी दे पाएँगे, जो ये रास्ता नहीं अपनाते."

अमरीकी सीनेट में भी आप्रवासियों का मुद्दा आने वाला है. लेकिन इसका विरोधी पक्ष भी मोर्चा खोलने की तैयारी में है.

दक्षिणी अमरीकी देशों के आप्रवासियों ने तो इसके ख़िलाफ़ रैली भी की है और वे एक मई को राष्ट्रव्यापी हड़ताल की योजना भी बना रहे हैं.