http://www.bbcchindi.com

बुधवार, 19 अप्रैल, 2006 को 15:54 GMT तक के समाचार

फ़लस्तीनियों की स्थिति पर चेतावनी

संयुक्त राष्ट्र ने आगाह किया है कि हमास के नेतृत्व में नई फ़लस्तीनी सरकार बनने के बाद से जो विदेशी सहायता में कमी हुई है उससे मानवीय संकट की स्थिति पैदा हो गई है.

संयुक्त राष्ट्र ने कहा है कि इससे ग़रीबी तेज़ी से बढ़ेगी और अगर फ़लस्तीनी प्रशासन को विदेशी सहायता बिल्कुल रोक दी गई तो उससे हालात और भी ख़राब हो सकते हैं.

ग़ौरतलब है कि इसराइल ने कर और सीमाशुल्क से मिलने वाली राशि फ़लस्तीनी प्रशासन को देनी बंद कर दी है.

उधर यूरोपीय संघ और अमरीका ने भी सीधी सहायता राशि रोक दी है.

यूरोपीय संघ और अमरीका ने कहा है कि वे यह सहायता राशि तभी बहाल करेंगे जब हमास के नेतृत्व वाली सरकार हिंसा का रास्ता छोड़ दे और इसराइल के अस्तित्व को मान्यता दे.

फ़लस्तीनी सरकार ने अरब और इस्लामी देशों से अपील की है कि इस नुक़सान की भरपाई के लिए प्रयास करें और लेकिन अभी तक उन देशों से फ़लस्तीनी प्रशासन को बहुत थोड़ी सी ही सहायता मिली है.