http://www.bbcchindi.com

मंगलवार, 18 अप्रैल, 2006 को 02:20 GMT तक के समाचार

मेक्सिको बस दुर्घटना में दर्जनों मरे

मेक्सिको सिटी के पास हुई एक बस दुर्घटना में कम से कम 57 लोगों की मौत हो गई है.

राहत अधिकारियों का कहना है कि मेक्सिको सिटी और तटीय शहर वेराक्रूज़ के बीच हाईवे पर यह दुर्घटना उस समय हुई जब एक भरी हुई बस सड़क के किनारे खड्ड में जा गिरी.

मरने वालों में 10 बच्चे भी हैं. पुलिस का कहना है कि बस के ब्रेक फेल हो गए थे जिसके कारण यह घटना हुई. इसके साथ ही बस अपनी क्षमता से अधिक भरी हुई थी और कई यात्री खड़े होकर यात्रा कर रहे थे.

संघीय पुलिस कमांडर रेनाल्डो एसेनसियो कावोज़ोस ने एपी को बताया कि बस में केवल 46 सीटें थी लेकिन इसमें 71 लोग सवार थे.

जब यह दुर्घटना हुई तब यह बस लगातार दस घंटे चल चुकी थी. अधिकारियों के अनुसार बस ड्राइवर अपना नियंत्रण खो बैठा और सड़क किनारे लगी रेलिंग तोड़ता हुआ खड्ड में जा गिरा.

पुलिस का कहना है कि ड्राइवर बस को बहुत तेज़ी से चला रहा था.