शुक्रवार, 14 अप्रैल, 2006 को 01:28 GMT तक के समाचार
अमरीकी विदेश मंत्री कोंडोलीज़ा राइस ने चेतावनी दी है कि परमाणु संवर्धन रोकने की सुरक्षा परिषद की चेतावनी पर यदि ईरान ध्यान नहीं देता है तो उसे इसके परिणाम भुगतने पड़ सकते हैं.
उन्होंने वॉशिंगटन में कहा कि ऐसी स्थिति में सुरक्षा परिषद संयुक्त राष्ट्र के क़ानून के सातवें अनुच्छेद के तहत कार्रवाई पर विचार कर सकता है.
उनका कहना था कि इसके तहत ईरान के ख़िलाफ़ ऐसी कार्रवाई की जा सकती है जो अंतरराष्ट्रीय समुदाय चाहता है.
इसके पहले ईरान के राष्ट्रपति महमूद अहमदीनेजाद ने घोषणा की थी कि ईरान ने यूरेनियम संवर्धन में सफलता हासिल की है.
अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी (आईएईए) के प्रमुख मोहम्मद अल बारादेई गुरुवार को ईरान को इस बात के लिए राज़ी करने में असफल रहे थे कि वो परमाणु संवर्धन का संवेदनशील काम रोक दे.
इसके लिए संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद ने भी अपील की थी. हालांकि दोनों पक्ष आने वाले कुछ हफ़्तों तक इस मामले पर चर्चा जारी रखने के लिए सहमत हो गए हैं.
हालांकि ईरान ने कहा है कि उसका परमाणु कार्यक्रम शांतिपूर्ण है. लेकिन कुछ पश्चिमी देशों को शक है कि ईरान परमाणु हथियार विकसित करने की कोशिश कर रहा है.
उल्लेखनीय है कि अल बारादेई को इस महीने के अंत तक संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में रिपोर्ट देनी है कि ईरान यूरेनियम संवर्धन रोक देने की अपील को स्वीकार कर रहा है या नहीं.