गुरुवार, 13 अप्रैल, 2006 को 16:55 GMT तक के समाचार
इराक़ की राजधानी बग़दाद में एक कार बम विस्फोट हुआ है जिसमें कम से कम 13 लोगों के मारे जाने की ख़बर है.
यह विस्फोट बग़दाद के उत्तरी हिस्से में एक व्यस्त बाज़ार में हुआ जहाँ शिया मुसलमान ज़्यादा संख्या में रहते हैं.
एक दिन पहले ही बुधवार को बग़दाद के निकट होवैदिर शहर में शिया मस्जिद में कार बम धमाका हुआ था जिसमें कम से कम 25 लोगों की मौत हो गई थी और 30 से अधिक घायल हुए.
पुलिस का कहना है कि बकूबा के उत्तर में स्थित होवैदिर शहर के व्यस्त बाज़ार में यह विस्फोट शाम के समय हुआ.
इराक़ में बुधवार को ही अन्य स्थानों पर हुए बम विस्फोटों में 17 लोगों की मौत हुई.
इराक़ में पिछले कई हफ्तों से शिया और सुन्नियों के बीच संघर्ष चल रहा है और दोनों ही पक्ष इसी तरह के हमलों से एक दूसरे को निशाना बना रहे हैं.
फरवरी महीने में समारा में एक शिया दरगाह को बम विस्फोट से नष्ट कर दिया गया था.
शुक्रवार को बग़दाद की एक शिया मस्जिद में लगातार तीन बम धमाके हुए थे जिसमें 90 लोगों की मौत हुई थी.
पुलिस प्रवक्ता लेफ्टिनेंट कर्नल फलह अल मोहम्मदावी ने एपी को बताया कि मारे गए लोगों में अधिकतर नमाज़ पढ़ने के लिए आए हुए लोग थे. हालांकि मरने वालों में कई ऐसे भी लोग थे जो बाज़ार में कुछ खरीदने के लिए आए थे और धमाके की चपेट में आ गए.