गुरुवार, 13 अप्रैल, 2006 को 16:28 GMT तक के समाचार
उत्तरी अफ़्रीकी देश चाड की राजधानी न्जमेना में सुरक्षा बलो और विद्रोहियो के बीच संघर्ष में अनेक लोगों के हताहत होने की ख़बर है.
लडाई तड़के तब शुरू हुई जब विद्रोहियो से भरे तीन वाहन शहर में घुस गये.
हालाँकि राष्ट्रपति इद्रीस देबी का कहना है कि सुरक्षा बलो ने विद्रोहियो को ख़देड दिया है और स्थिति पूरी तरह उनके नियंत्रण में आ गयी है.
इद्रीस ने पड़ोसी देश सूडान पर आरोप लगाया है कि उसी की शह पर ये सब कुछ हो रहा है.
राष्ट्रपति ने यह भी घोषणा की चाड में अगले महीने प्रस्तावित चुनाव निर्धारित कार्यक्रमों के अनुरूप ही होगा.
उनकी घोषणा के कुछ देर बाद भी शहर के कुछ हिस्सों से छिटपुट गोलीबारी की आवाज़ें आ रही थीं.
शहर के उत्तर-पूर्वी हिस्से में स्थित संसद भवन के पास से रिपोर्ट देते हुए बीबीसी संवाददाता स्टेफ़नी हैनकॉक ने बताया कि संसद भवन की सीढ़ियों के पास लाशों के ढेर लगे हुए हैं. सरकारी सूत्रों के अनुसार ये मारे गए विद्रोहियों के शव हैं.
अनेक अन्य विद्रोहियों को बंदी बनाया गया है.