बुधवार, 12 अप्रैल, 2006 को 08:36 GMT तक के समाचार
इराक़ी गृह मंत्री बेयान जबार ने इन आरोपों से इनकार किया है कि उनके मंत्रालय का संबंध सुन्नियों पर हमले करने वाले शिया गुटों से है.
उन्होंने स्वीकार किया है कि इराक़ में मारक दस्ते सक्रिय हैं, लेकिन उन्होंने कहा कि सरकार से इनके कोई संबंध नहीं हैं.
बीबीसी को साक्षात्कार में जबार ने माना कि हमलों में शामिल कुछ चरमपंथी पुलिस वर्दी पहने पाए गए हैं.
उन्होंने कहा, "आतंकवादी या आतंकवादियों को समर्थन देने वाले लोग पुलिस और सेना की वर्दी का इस्तेमाल कर रहे हैं."
जबार ने कहा, "आप दुकान से ऐसी वर्दियाँ ख़रीद सकते हैं."
उन्होंने ज़ोर दिया कि सशस्त्र गुटों में से ज़्यादातर बड़ी संख्या में खुल रही इराक़ी सुरक्षा कंपनियों से संबद्ध हैं.
आरोप
उल्लेखनीय है कि सरकारी प्रतिष्ठानों की सुरक्षा के लिए भी ऐसी कंपनियों की सेवाएँ ली जाती हैं.
इराक़ में समारा में एक शिया धार्मिक केंद्र पर हमले के बाद से सांप्रदायिक तनाव बहुत बढ़ गया है.
सुन्नियों का आरोप है कि उनके समुदाय पर होने वाले हमलों में शिया सुरक्षा बलों की मिलीभगत होती है.
अमरीकी सेना के सूत्रों का कहना है कि अकेले मार्च महीने में 1300 आम नागरिक सांप्रदायिक हिंसा की भेंट चढ़े हैं.