http://www.bbcchindi.com

सोमवार, 10 अप्रैल, 2006 को 22:56 GMT तक के समाचार

इटली में मतगणना शुरु

इटली में आम चुनावों के परिणाम आने शुरु हो गए हैं और आरंभिक परिणामों में प्रधानमंत्री सिल्वियो बर्लुस्कोनी को मामूली बढ़त मिली है.

चुनाव विश्लेषकों का कहना है कि बर्लुस्कोनी की पार्टी बड़े ही कम अंतर से संसद के दोनों सदनों का नियंत्रण अपने पास बरकरार रख सकती है.

हालांकि मतदान बाद के सर्वेक्षणों में कहा जा रहा था कि रोमानो प्रोदी को बढ़त मिलेगी.

दो दिन के मतदान के बाद सोमवार की शाम से मतों की गिनती का काम शुरु हुआ है.

नेक्सन प्रोजेक्शन्स ने अपने सर्वेक्षण में कहा है कि बर्लुस्कोनी के गठबंधन को निचले सदन में 49.9 प्रतिशत सीटें मिलेंगी जबकि प्रोदी का समर्थन कर रहे समूह को 49.6 प्रतिशत से संतोष करना पड़ेगा.

इसी तरह सीनेट के लिए बर्लुस्कोनी के गुट को 158 सीटें और प्रोदी का समर्थन कर रहे गुटों को 151 सीटें दी गई हैं.

संवाददाताओं का कहना है कि इटली में कई बार मतदान बाद के ये सर्वेक्षण ग़लत साबित होते रहे हैं.

अभद्र प्रचार

इस बार का चुनाव अभियान बहुत अभद्र और विद्वेष भरा रहा है और प्रधानमंत्री सिल्वियो बर्लुस्कोनी और उनके प्रतिद्वंद्वी रोमानो प्रोदी ने अपनी नीतियाँ कम बताईं, अपने प्रतिद्वंद्वी के लिए अपशब्द ज़्यादा कहे.

बर्लुस्कोनी ने अपने प्रतिद्वंद्वियों को "स्टालिन और पॉल पॉट का प्रशंसक" बताया.

उधर रोम की एक सभा में रोमानो प्रोदी ने कहा कि प्रधानमंत्री ने पाँच साल में अगर कोई काम किया तो सिर्फ़ ये कि "कॉस्मेटिक सर्जरी से अपना चेहरा ठीक करवाया और सिर पर नकली बाल लगवाए."