सोमवार, 10 अप्रैल, 2006 को 10:04 GMT तक के समाचार
फ़्रांस के राष्ट्रपति ज़्याक शिराक ने घोषणा कि है कि वहाँ के विवादित युवा रोज़गार क़ानून को वापस लिया जाएगा.
ज़्याक शिराक ने कहा है कि सीपीई यानि फ़र्स्ट एम्प्लॉएमेंट कॉंट्रेक्ट नाम के इस क़ानून की जगह दूसरे क़दम उठाए जाएँगे ताकि बेरोज़गारी से निपटा जा सके.
इस क़ानून के विरोध में फ़्रांस में बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन हुए थे.
विवादों में घिरे युवा रोज़गार क़ानून में प्रावधान था कि 26 साल से कम उम्र वाले युवा जब नौकरी की शुरुआत करेंगे, तो दो साल के अभ्यासकाल के दौरान उन्हें नौकरी से निकाला जा सकता है.
फ़्रांस के प्रधानमंत्री डोमिनक-ड-विलपां का कहना था कि ये क़ानून देश में बेरोज़गारी कम करने के लिए एक उठाया गया एक क़दम था.
उन्होंने पिछले हफ़्ते पत्रकार वार्ता में कहा था कि इस मुद्दे पर जारी विवाद को ख़त्म करने का समय आ गया है.
श्रम संगठनों ने रोज़गार क़ानून ख़त्म करने के लिए फ़्रांस सरकार को इस हफ़्ते के अंत तक का समय दिया था. संगठनों ने कहा था कि अगर ऐसा नहीं हुआ तो वे हड़ताल करेंगे.
रोज़गार क़ानून वापस लेने की घोषणा सोमवार को फ़्रांसीसी राष्ट्रपति, फ़्रांसीसी प्रधानमंत्री और अन्य वरिष्ठ मंत्रियों की बैठक के बाद हुई.
माना जा रहा है कि बेरोज़गारी से निपटने के लिए उठाए जाने वाले नए क़दमों के बारे में डोमिनक-ड-विलपां बाद में और जानकारी देंगे.