रविवार, 09 अप्रैल, 2006 को 00:20 GMT तक के समाचार
इसराइली विमानों ने 24 घंटे के भीतर ग़ज़ापट्टी के फ़लस्तीनी ठिकानों पर तीसरा हमला किया है.
ताज़ा हमले में छह फ़लस्तीनी मारे गए हैं. शुक्रवार से अब तक इसराइली हमलों में मारे गए लोगों की संख्या बढ़कर 14 हो गई है.
ये हमला ख़ान यूनिस के नज़दीक एक चरमपंथी ठिकाने पर किया गया.
फ़लस्तीनी राष्ट्रपति के प्रवक्ता नबील अबू ने कहा कि फ़लस्तीनी ऑथारिटी इसराइली हिंसा को रुकवाने के लिए संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की बैठक की माँग करेगी.
शनिवार को इसराइली हमले में ग़ज़ा शहर के नज़दीक अल अक्सा ब्रिगेड के दो लोग मारे गए थे.
शुक्रवार को इसराइली हवाई हमले में एक बच्चे समेत पाँच फ़लस्तीनियों की मौत हो गई थी और कम से कम 12 लोग घायल हो गए थे.
ये हमला गज़ा पट्टी के दक्षिणी हिस्से में रफ़ा के नज़दीक एक चरमपंथी प्रशिक्षण केंद्र के बाहर किया गया था.
इस हमले में पॉपुलर रेसिस्टेंस कमेटी का एक कमांडर और उसकी पाँच साल की बेटी मारे गए थे.
हाल में हमास के नेतृत्व वाले फ़लस्तीनी मंत्रिमंडल के शपथ लेने के बाद से इसराइल के हमले तेज़ हो गए हैं.
ग़ौरतलब है कि हाल में सुरक्षा व्यवस्था पर विचार करने के लिए फ़लस्तीनी नेता महमूद अब्बास की मुलाक़ात प्रधानमंत्री इस्माइली हानिया से हुई थी.