http://www.bbcchindi.com

शनिवार, 08 अप्रैल, 2006 को 16:57 GMT तक के समाचार

ज़िम्बाब्वे में सबसे कम औसत उम्र

विश्व स्वास्थ्य संगठन ने कहा है कि ज़िम्बाब्वे में लोगों की औसत उम्र दुनिया भर के किसी भी देश में सबसे कम है और वहाँ पुरुष या महिलाएँ औसतन 40 साल से ज़्यादा नहीं जी पाते हैं.

विश्व स्वास्थ्य संगठन की एक रिपोर्ट के अनुसार ज़िम्बाब्वे में महिलाओं की औसत उम्र 34 साल है और पुरुष 37 साल से ज़्यादा नहीं जी पाते हैं.

संगठन के अनुसार ज़िम्बाब्वे में महिलाओं की औसत उम्र पिछले एक साल में दो साल कम हो गई है और यह उम्र किसी भी देश में महिलाओं की औसत उम्र से सबसे कम है.

इतना ही नहीं, ज़िम्बाब्वे में एचआईवी - एड्स वायरस से संक्रमण का ख़तरा भी पुरुषों के मुक़ाबले महिलाओं को ही ज़्यादा है.

संवाददाताओं का कहना है कि ज़िम्बाब्वे की चरमराती अर्थव्यवस्था की वजह से जो ग़रीबी की हालत है उससे औसत उम्र इतनी कम है, साथ ही एड्स की वजह से होने वाली मौतें भी कुछ हद तक इसके लिए ज़िम्मेदार हैं.

रिपोर्ट कहती है कि दुनिया भर के दस ऐसे देश अफ्रीका में हैं जहाँ औसत आयु सबसे कम है.

स्वाज़ीलैंड और सिएरा लियोन में भी लोग 40 की उम्र तक पहुँचने से पहले ही मौत की गोद में चले जाते हैं.

जापान में दुनिया भर में सबसे ऊँची औसत आयु है और वहाँ लोगों के 82 साल तक जीने की उम्मीद की जाती है.