http://www.bbcchindi.com

शुक्रवार, 07 अप्रैल, 2006 को 12:51 GMT तक के समाचार

इराक़ में मृतकों की संख्या 70 हुई

इराक़ की राजधानी बग़दाद में एक शिया मस्जिद पर हुए हमले में कम से कम 70 लोग मारे गए हैं और 160 अन्य घायल हो गए हैं.

पुलिस के अनुसार तीन आत्मघाती हमलावरों ने मस्जिद में धमाके कराए.

आशंका है कि दो हमलावरों ने महिलाओं की पोशाक पहन रखी थी.

हमले का निशाना बुराठा मस्जिद को बनाया गया जो कि बग़दाद में शियाओं की महत्वपूर्ण मस्जिदों में से एक है.

इस मस्जिद के इमाम इराक़ी संसद के सदस्य हैं और सत्तारूढ़ शिया गठजोड़ में प्रभाव रखते हैं.

बग़दाद से बीबीसी के एक संवाददाता के अनुसार इराक़ी गृह मंत्रालय ने पहले ही शुक्रवार को मस्जिदों पर हमले की आशंका जताई थी.

रॉयटर्स समाचार एजेंसी के अनुसार यह हमले उस समय हुए जब लोग जुमे की नमाज़ पढ़ कर मस्जिद से बाहर निकल रहे थे.

शिया-सुन्नी तनाव

फ़रवरी में एक शिया मज़ार पर बम हमले के बाद से ही क्षेत्र में तनाव बना हुआ है.

उत्तरी बग़दाद के समारा प्रांत में स्थित मज़ार पर हुए उस हमले के बाद इराक़ के शिया और सुन्नी समुदाय के बीच हिंसा की कई घटनाएँ हुई थीं.

अभी गुरूवार को ही शियाओं के पवित्र शहर नजफ़ में इमाम अली की दरगाह के पास कार बम धमाके में अनेक लोग हताहत हुए थे.