http://www.bbcchindi.com

गुरुवार, 06 अप्रैल, 2006 को 15:01 GMT तक के समाचार

नजफ़ में कार बम धमाके में 10 मरे

इराक़ के नजफ़ शहर में एक कार बम हमले में कम से कम 10 लोगों की मौत हो गई है. हमले में 30 से ज़्यादा अन्य लोग घायल भी हुए हैं.

शिया मुसलमानों के इस तीर्थ शहर में यह धमाका गुरूवार को एक कार पार्किंग में हुआ.

यह स्थान इमाम अली की दरगाह के पास है.

रिपोर्टों के अनुसार विस्फोट की चपेट में आकर मरने वालों में चार महिलाएँ शामिल हैं.

धमाका इतना ज़ोरदार था कि पार्किंग में खड़ी क़रीब एक दर्जन कारें भी नष्ट हो गए.

इराक़ी सुरक्षा बलों ने पूरे इलाक़े को सील कर दिया है.

नजफ़ में कई महीनों के बाद कोई बड़ा बम हमला हुआ है.

इराक़ की राजधानी बग़दाद से बीबीसी के एक संवाददाता के अनुसार यह हमला ऐसे संवेदनशील मौक़े पर हुआ है जब इराक़ी राजनीतिज्ञ देश में सरकार के गठन के लिए विचार-विमर्श कर रहे हैं.

उल्लेखनीय है कि फ़रवरी महीने में समारा में एक शिया धार्मिक स्थल पर हमले के बाद से देश में पहले से ही सांप्रदायिक तनाव का माहौल बना है.