http://www.bbcchindi.com

गुरुवार, 06 अप्रैल, 2006 को 12:48 GMT तक के समाचार

फ़लस्तीनी मंत्री को रिहा किया गया

इसराइली अधिकारियों ने फ़लस्तीनी कैबिनेट मंत्री ख़ालिद अबू अराफ़ा को कई घंटे तक हिरासत में रखने के बाद रिहा कर दिया है.

ख़ालिद अबू अराफ़ा हमास के नेतृत्व वाली फ़लस्तीनी सरकार में कैबिनेट मंत्री हैं.

अराफ़ा हमास के एक सदस्य हैं और फ़लस्तीनियों की तरफ़ से यरुशलम मामलों पर प्रवक्ता हैं.

वह गुरूवार को येरूशलम में अपने दफ़्तर की तरफ़ जा रहे थे कि उन्हें गिरफ़्तार कर लिया गया था.

यरुशलम में तमाम फ़लस्तीनी राजनीतिक गतिविधियों पर पाबंदी है.

ग़ौरतलब है कि हमास ने हाल ही में फ़लस्तीनी प्रशासन की सत्ता संभाली है और तब से इस तरह की यह पहली घटना है जिसमें इसराइली अधिकारियों ने किसी फ़लस्तीनी मंत्री को गिरफ़्तार किया.

आरफ़ा के निजी सुरक्षागार्ड ने बीबीसी को बताया कि उनकी कार को एक चौकी पर रोका गया और मंत्री से उनके क़ाग़ज़ मांगे गए.

उन्होंने बताया कि कुछ बहस हुई और फिर आरफ़ा को गिरफ़्तार कर लिया गया था.