मंगलवार, 04 अप्रैल, 2006 को 22:10 GMT तक के समाचार
बहरीन में पिछले सप्ताह जिस बोट के डूब जाने से 58 लोग मारे गए थे उसके मालिक को गिरफ़्तार कर लिया गया है और पूछताछ की जा रही है.
बहरीन में सरकारी वकील ने बताया कि बोट के मालिक अब्दुल्ला अल क़ुबैसी को पहले सात दिन की हिरासत में भेजा गया है.
सरकारी वकील ने बताया कि उनके ऊपर ग़ैर इरादतन हत्या करने और ग़ैर इरादतन नुक़सान पहुँचाने के आरोप लगाए गए हैं.
इससे पहले इस बोट के चालक और उनके सहयोगी को गिरफ़्तार किया गया था.
उल्लेखनीय है कि पिछले शुक्रवार को हुई इस दुर्घटना में 16 देशों के 58 लोग मारे गए थे जिनमें 21 भारतीय और 13 ब्रितानी शामिल थे.
अधिकारियों ने कहा था कि 71 लोगों की जान बचा ली गई है.
बहरीन के तटरक्षक बल ने इस बात की पुष्टि कर दी है कि अल दाना नाम के इस बोट का रजिस्ट्रेशन सही तरीक़े से नहीं कराया गया था.
तटरक्षक बल का कहना है कि इस बोट को पानी में तैरने की अनुमति ही नहीं थी, उसका रजिस्ट्रेशन पानी पर खड़े रहने वाले एक रेस्तराँ के तौर पर कराया गया था जिसे हमेशा किनारे पर खड़े रहने का निर्देश था.
सरकारी वकील का ये भी कहना है कि बोट का बीमा नहीं कराया गया था और उसकी सुरक्षा की जाँच भी नहीं हुई थी.
इस दुर्घटना में जीवित बच गए लोगों का कहना है कि बोट पर क्षमता से अधिक लोग सवार थे जिसकी वजह से यह हादसा हुआ.
दुर्घटना के कारणों की आधिकारिक तौर पर जाँच जारी है.