सोमवार, 03 अप्रैल, 2006 को 07:49 GMT तक के समाचार
अमरीका की विदेश मंत्री कॉडोलीज़ा राइस ने कहा है कि इराक़ का अगला प्रधानमंत्री एक ऐसा शक्तिशाली नेता होना चाहिए जो देश को एकजुट कर सके.
पर साथ ही उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री कौन होगा ये तय करना दूसरे देशों की सरकारों का काम नहीं है.
उधर ब्रिटेन के विदेश मंत्री जैक स्ट्रॉ ने कहा है कि इराक़ में शिया समुदाय को देश के प्रधानमंत्री पद के लिए उम्मीदवार नामांकित करने का अधिकार है.
शिया पार्टियों के गठबंधन ने वर्तमान प्रधानमंत्री इब्राहीम अल जाफ़री को प्रधानमंत्री पद के लिए नामांकित किया है लेकिन सुन्नी और कुर्द समुदाय के नेता लगातार उनकी आलोचना करते रहे हैं.
जैक स्ट्रॉ ने शियाओं के धार्मिक नेता अयातुल्ला अली अल सिस्तानी की भी तारीफ़ की.
ब्रितानी विदेश मंत्री ने कहा कि अयातुल्ला अली अल सिस्तानी ने जिस तरह का संयम दिखाया है और जो मार्गदर्शन दिया है, उसके बगैर इराक़ी लोगों को वे मौके नहीं मिल पाते जो आज उन्हें मिले हैं.
ये बात उन्होंने इराक़ की राजधानी बग़दाद में हुई एक पत्रकार वार्ता में कही.
राजनीतिक शून्यता
जैक स्ट्रॉ और कॉंडोलीज़ा राइस अचानक रविवार को इराक़ के दौर पर पहुँचे. अमरीकी विदेश मंत्री राइस ब्रिटेन यात्रा पर आई थीं और ब्रिटिश विदेश मंत्री स्ट्रॉ से दो दिन की बातचीत के बाद दोनों नेता अचानक ही इराक़ पहुँच गए.
दोनों नेताओं ने कहा है कि इराक़ में राजनीतिक शून्यता से सुरक्षा व्यवस्था क़ायम करने की कोशिशों को नुक़सान पहुँच रहा है.
राइस और स्ट्रॉ ने इराक़ के राष्ट्रपति जलाल तालबानी और प्रधानमंत्री इब्राहीम अल जाफ़री से भी चर्चा की है.
दोनों ने इराक़ी नेताओं से सरकार गठन की प्रक्रिया को तेज़ करने को कहा है.
इराक़ में पिछले साल दिसंबर में चुनाव हुए थे लेकिन अब तक वहाँ सरकार का गठन नहीं हो पाया है.