सोमवार, 03 अप्रैल, 2006 को 19:19 GMT तक के समाचार
इराक़ के गृह मंत्रालय का कहना है कि बग़दाद में हुए एक कार बम धमाके में दस लोग मारे गए हैं और तीस घायल हुए हैं.
ये धमाका बग़दाद में एक शिया मस्जिद के पास हुआ जब श्रद्धालु शाम की नमाज़ अदा करने जा रहे थे.
उधर पश्चिमी इराक़ में पाँच मरीन सैनिक तब मारे गए जब अचानक आई बाढ़ में उनका ट्रक उलट गया.
ट्रक पर सवार तीन अन्य सैनिक लापता हैं और एक घायल हुआ है. एक सैनिक प्रवक्ता का कहना है कि ये घटना 'दुश्मन' की कार्रवाई के कारण नहीं हुई है.
शिया निशाना बने
दक्षिणी बग़दाद में हुई एक अन्य घटना में बंदूकधारी एक घर में घुस गए और उन्होंने चार लोगों पर गोलियाँ चलाकर उन्हें मार दिया.
पुलिस के अनुसार ये सांप्रदायिक हिंसा का मामला है और सभी मृतक शिया मुसलमान थे जिन्हें बारी-बारी से मारा गया.
बग़दाद में सांप्रदायिक हिंसा आम हो गई है और फ़रवरी में समारा में शिया मस्जिद में हुई बमबारी के बाद से अब तक सैकड़ो शव मिले हैं.