रविवार, 02 अप्रैल, 2006 को 06:20 GMT तक के समाचार
पोप जॉन पॉल द्वितीय के निधन की पहली बरसी पर रोम और पोलैंड समेत दुनिया भर के रोमन कैथोलिकों ने उन्हें याद किया और श्रद्धांजलि समारोह आयोजित किए गए.
इस समारोह के लिए रोम में हज़ारों लोग एकत्रित हुए.
पोप बेनेडिक्ट 16वें ने उन्हें श्रद्धांजलि देने के लिए वेटिकन के सेंट पीटर्स स्क्वैयर पर समारोह में शामिल हुए. यह समारोह स्थानीय समयानुसार रात नौ बजकर 37 मिनट पर आयोजित हुआ.
ठीक एक साल पहले इसी समय पोप जॉन पॉल की मृत्यु हुई थी.
पोप बेनेडिक्ट अपने निवास की खिड़की पर लोगों को संबोधित करने के लिए आए. इसी निवास पर पोप जॉन पॉल का निधन हुआ था.
उन्होंने कहा, "हमारे प्रिय जॉन पॉल द्वितीय की यादें अभी भी ज़िंदा हैं."
पोप द्वितीय के जन्म स्थान पोलैंड में सभी गिरिजाघरों में उस समय घंटियाँ बजाई गईं और पोप की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना सभाओं में भी हज़ारों लोग शामिल हुए. पोलैंड के शहर क्राकोव और राजधानी वर्साय में भी समारोह हुए.
रोम, जहाँ पोप जॉन पॉल को दफ़नाया गया था, वहाँ पहले से ही हज़ारों की संख्या में लोग जमा थे.