गुरुवार, 30 मार्च, 2006 को 01:30 GMT तक के समाचार
फ़लस्तीनी चरमपंथी संगठन हमास के नेताओं ने आधिकारिक रूप से सत्ता संभाल ली है.
फ़लस्तीनी नेता महमूद अब्बास ने इस्माइल हानिया को प्रधानमंत्री पद की शपथ दिलाई. इसके अलावा कई अन्य मंत्रियों ने वीडियो संपर्क के माध्यम से पश्चिमी तट में शपथ ग्रहण की.
इस्माइल हानिया ने नए फ़लस्तीनी प्रधानमंत्री के रूप में शपथ ग्रहण करते हुए इसे एक ऐतिहासिक मौक़ा क़रार दिया.
उन्होंने शपथ ग्रहण करने के बाद कहा,'' यह एक ऐतिहासिक अवसर है और इस मौक़े पर मैं फ़लस्तीनी लोगों को मुबारकबाद देता हूँ. हम उन फ़लस्तीनी लोगों का शुक्रिया अदा करते हैं जिन्होंने हम पर भरोसा जताया.''
उन्होंने फ़लस्तीनी प्रशासन की वित्तीय स्वतंत्रता के लिए भरसक प्रयास करने का भरोसा भी दिलाया.
उधर अमरीका ने अपने राजनयिकों को सभी फ़लस्तीनी मंत्रियों से संपर्क समाप्त करने को कहा है.
अमरीकी विदेश मंत्रालय के एक प्रवक्ता सियन मेक्कोरमैक ने कहा है,'' हम हमास से कोई संपर्क नहीं रखेंगे, भले ही वे कुछ भी पद संभाले.''
अमरीकी प्रवक्ता ने कहा कि अमरीकी अधिकारियों को इस क़ानून का पालन करना ही होगा कि वे किसी चरमपंथी संगठन के साथ कोई संबंध नहीं बना सकते.
ग़ौरतलब है कि अमरीका हमास को एक चरमपंथी संगठन मानता है.
उल्लेखनीय है कि मंत्रिमंडल में सभी मुख्य पद हानिया के कट्टरपंथी संगठन हमास के सदस्यों को मिले हैं. सरकार में अब्बास की फ़तह पार्टी और अन्य उदारपंथी गुट शामिल नहीं हुए हैं.
हमास के इसराइल के साथ पिछले शांति समझौतों को मानने से इनक़ार करने के बाद शुक्रवार को फ़तह ने सरकार में शामिल होने से इनक़ार कर दिया था.