गुरुवार, 30 मार्च, 2006 को 16:51 GMT तक के समाचार
अंतरराष्ट्रीय मध्यस्थों ने हमास के नेतृत्व में बनी नई फ़लस्तीनी सरकार को चेतावनी दी है कि उसने इसराइल को मान्यता नहीं दी तो उसे मिलने वाली आर्थिक सहायता बंद हो सकती है.
फ़लस्तीनी प्रशासन को सहायता देने वाले अमरीका, यूरोपीय संघ, रूस और संयुक्त राष्ट्र ने हमास से हिंसा का त्याग करने को भी कहा है.
एक साझा बयान में इन देशों और संगठनों ने नए फ़लस्तीनी प्रशासन से अहिंसा का रास्ता अपनाने, इसराइल को मान्यता देने और पुराने समझौतों का पालन करने को कहा है.
बयान में कहा गया, "भविष्य में कोई भी सहायता इन सिद्धांतों को लेकर फ़लस्तीनी प्रशासन की प्रतिबद्धता को देख कर ही दी जाएगी."
विदेशी सहायता पर निर्भरता
फ़लस्तीनी प्रशासन पूरी तरह से विदेशी सहायता पर ही निर्भर करता है.
वर्ष 1994 में प्रशासन की स्थापना के बाद से यूरोपीय संघ और अमरीका ने उसे हर साल क़रीब एक अरब डॉलर की आर्थिक सहायता दी है.
संसदीय चुनाव में इस्लामी चरमपंथी संगठन हमास की जीत के बाद से ही फ़लस्तीनी प्रशासन को मिलने वाली विदेश सहायता को लेकर आशंका बढ़ गई है.
उल्लेखनीय है कि बुधवार को कनाडा ने फ़लस्तीनी प्रशासन से संपर्क तोड़ने और उसे आर्थिक सहायता बंद करने की घोषणा की.