http://www.bbcchindi.com

सोमवार, 27 मार्च, 2006 को 21:18 GMT तक के समाचार

बग़दाद हमले पर राजनीतिक विवाद

इराक़ की राजधानी बग़दाद में एक मस्जिद परिसर पर अमरीकी सेना के हमले में बीस लोगों के मारे जाने के बाद अमरीकी सेना की आलोचना हो रही है और राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया है.

अमरीकी सेना का कहना है कि हमले में 16 विद्रोही मारे गए थे और 18 गिरफ़्तार कर लिए गए थे और कई हथियार कब्ज़े में लिए गए.

इराक़ के सत्ताधारी शिया गठबंधन ने आरोप लगाया है कि मृतकों में अधिकतर आम नागरिक थे.

इराक़ के गृह मंत्री पहले ही कह चुके हैं कि मस्जिद में घुसना और वहाँ लोगों को जान से मार देना एक हमला था जिसे न्यायसंगत नहीं ठहराया जा सकता.

अमरीका ने इन आरोपों का खंडन किया है लेकिन इराक़ी गठबंधन के कुछ सदस्यों ने भी इराक़ियों को निर्दयता से मारने के आरोप लगाए हैं.

प्रधानमंत्री इब्राहिम जाफ़री के प्रवक्ता ने कहा कि वे इन ख़बरों से बहुत चिंतित हैं और उन्होंने अमरीकी सैन्य कमांडर जनरल जॉर्ज केसी से फ़ोन पर बात की है और उन्होंने आश्वासन दिया है कि पूरे मामले की जाँच होगी.

अमरीकी सेना का कहना है कि खून-खराबा तब हुआ जब इराक़ी कमांडो और सैनिकों पर घर-घर की तलाशी के दौरान गोलियाँ चलाई गईं.

उनका दावा था कि अमरीकी विशेष सुरक्षा बलों के दस्ते वहाँ केवल सलाहकारी भूमिका में मौजूद थे.