सोमवार, 27 मार्च, 2006 को 20:21 GMT तक के समाचार
ग्यारह सितंबर के हमलों से संबंधित मुकदमे में ज़कारियास मुसावी ने अदालत को बताया है कि ओसामा बिन लादेन ने उन्हें एक विमान को उड़ाकर व्हाइट हाउस की इमारत में टक्कर मारने का आदेश दिया था.
फ्रांसीसी नागरिक ज़कारियास मुसावी एक मात्र व्यक्ति हैं जिनके ख़िलाफ़ इस मामले में अमरीका में मुकदमा चल रहा है.
मुसावी ने सोमवार को अदालत को बताया कि ख़ुद ओसामा ने उन्हें इन हमलों के 'दूसरे चरण' में अमरीकी राष्ट्रपति के कार्यालय व्हाइट हाउस में विमान टकरा देने का आदेश दिया था.
उन्होंने अदालत को बताया कि उन्हें और जूते में बम छिपाकर धमाके करने की कोशिश करने वाले रिचर्ड रीड को एक विमान का अपहरण करने और उसे अमरीकी राष्ट्रपति के कार्यालय में टकरा देने के लिए भर्ती किया गया था.
उन्होंने ये भी कहा कि उन्हें सिंतबर 2001 के 'पहले चरण' के हमलों में भाग लेने के लिए नहीं चुना गया.
मुसावी का ये भी कहना था कि अगस्त 2001 में अपनी गिरफ़्तारी के बाद उन्होंने सितंबर के हमलों की बात छिपाई और झूठ बोला ताकि ये हमले सफलतापूर्वक किए जा सके.
पिछले साल मुसावी ने 2001 में हुए हमलों का षडयंत्र रचने की बात कबूल की थी.
बीबीसी संवाददाता का कहना है कि मुसावी को आजीवन कारावास या फिर मौत की सज़ा सुनाई जा सकती है.