http://www.bbcchindi.com

बुधवार, 22 मार्च, 2006 को 02:56 GMT तक के समाचार

चीन का आबादी पर काबू का दावा

दुनिया की सबसे बड़ी आबादी वाले देश चीन ने दावा किया है कि उसने परिवार नियोजन के कड़ी नीतियों के चलते उसे बड़ी सफलता मिली है.

उसने कहा है कि इसके चलते पिछले तीन दशक में 40 करोड़ बच्चों के जन्म को रोका जा सका है.

चीन के परिवार नियोजन मामलों के मंत्री ज़ैंग वीकिंग ने कहा है कि इस नीति से ज़्यादातर शहरी परिवार एक बच्चे और ग्रामीण परिवार दो ही बच्चों तक सीमित हो गए हैं.

उनका कहना था कि इससे चीन ने परिवार नियोजन का वो लक्ष्य हासिल कर लिया है जिसे पाने में विकासशील देशों को एक शताब्दी का समय लगा.

मंत्री का कहना था कि यदि इन चालीस करोड़ बच्चों के जन्म को नहीं रोका जाता तो लोगों को जो अपेक्षाकृत अच्छी जीवनशैली उपलब्ध है, वो संभव नहीं था.

हालांकि उन्होंने स्पष्ट किया कि चीन की सरकार अपने परिवार नियोजन की नीति में कोई बदलाव नहीं करने जा रही है क्योंकि इस समय चीन जन्मदर की नई चुनौती का सामना कर रहा है.

मंत्री ने कहा कि यदि इस समय चीन की आबादी और बढ़ती है तो इससे चीन के संसाधनों और पर्यावरण पर दबाव बढ़ेगा.